मायके में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
मीरजापुर, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के महुआरी कला गांव में शुक्रवार को 20 वर्षीय विवाहिता ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर के अन्य सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महुआरी कला निवासी राजकुमारी की शादी करीब एक वर्ष पहले करनपुर गांव निवासी दीपक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पति रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर कमाने चला गया, जिसके बाद राजकुमारी मायके में रह रही थी।
शुक्रवार को परिवार के सभी सदस्य खेत में धान की रोपाई करने गए थे। दोपहर में जब वे लौटे तो घर के कमरे में राजकुमारी का शव पंखे से लटकता मिला। यह देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर मड़िहान पुलिस मौके पर पहुंची और ससुराल पक्ष को भी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से किसी प्रकार का आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाया गया है। थानाध्यक्ष रविन्द्र भूषण मौर्य ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा