टीन शेड की पाइप में साड़ी के फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, जांच में जुटी पुलिस
मीरजापुर, 23 अगस्त (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के अहुगी कला गांव में रविवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी चंदन की 24 वर्षीय पत्नी सुमन का शव रविवार सुबह घर के अंदर टीन शेड की पाइप में साड़ी के फंदे से लटका मिला। परिजनों की नजर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की।
घटना की जानकारी मिलने पर सुमन के मायके कौरदिया गांव से भी परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतका की मां गुलाबबसिया और बहन शांति ने बताया कि घटना से पहले सुमन से उनकी बातचीत नहीं हुई थी। उन्हें विवाहिता के इस कदम के कारणों की जानकारी नहीं है।
पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। मौके पर फोरेंसिक टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद आवश्यक साक्ष्य जुटाए जाएंगे।
थाना अध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विवाहिता की मौत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फोरेंसिक टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा