मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने पैगंबरपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट स्थल का किया निरीक्षण
बोले—अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक
वाराणसी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने शनिवार को गत दिनों पैगंबरपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट स्थल का निरीक्षण किया। सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट में एक मकान ढह गया तथा आसपास के कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा था। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में भाजपा महिला मोर्चा की नेत्री चंद्रकला के आवास को भी क्षति पहुँची।
मंत्री रविंद्र जायसवाल ने घटना से संबंधित परिस्थितियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजू खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने तथा उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान भाजपा के उत्तरी विधान सभा संयोजक अरविंद सिंह, पूर्व कुलपति प्रो. जी. सी. जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप चौहान, मंडल अध्यक्ष अतुल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश सोनकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष रतन कुमार मौर्य, पार्षद राजेंद्र मौर्या, पार्षद जितेंद्र कुशवाहा, पार्षद अभय पांडेय आदि भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी