बदेवरानाथ धाम में गूंजे मंत्र, विश्व शांति की कामना के साथ किया जलाभिषेक
मीरजापुर, 05 मार्च (हि.स.)। क्षेत्र के गैपुरा गांव निवासी प्रसिद्ध कथावाचक चिन्मयानंद बापू की धर्मपत्नी व विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रियंका पांडेय ने गुरुवार को बदेवरानाथ धाम में विधि-विधान से जलाभिषेक कर दर्शन-पूजन किया।
मंत्रोच्चारण और वैदिक रीति से हुए पूजन के दौरान उन्होंने विश्व में शांति, सुख और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर प्रियंका पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व के कई देश युद्ध की विभीषिका झेल रहे हैं। ऐसे समय में भगवान शिव की आराधना से विश्व में शांति और मानवता की रक्षा की कामना की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बदेवरा नाथ धाम में जलाभिषेक कर उन्हें अलौकिक शांति की अनुभूति हुई है। मंदिर के पुजारी आशीष गोस्वामी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इस दौरान प्रधान माहेश्वरी उपाध्याय, करमेश चंद्र तिवारी, ओमप्रकाश उपाध्याय, वीरेंद्र तिवारी, नरेंद्र तिवारी, नवनीत तिवारी और आकाश पांडेय सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा