ससुराल से लाैटने के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान

 


मीरजापुर, 22 अगस्त (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत किरहा गांव में शनिवार को 26 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर जान दे दी। युवक दो दिन पहले ही बंगलुरु से घर लौटा था। पत्नी को लेने ससुराल जाने और वहां से पत्नी के साथ वापस न आने के बाद घटना होने से परिवार में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

किरहा गांव निवासी संतोष यादव का पुत्र इंद्रेश कुमार यादव बंगलुरु में मजदूरी करता था। वह दो दिन पहले ही घर लौटा था। परिजनों के मुताबिक पत्नी एक दिन पहले मायके चली गई थी। शुक्रवार काे इंद्रेश पत्नी को लेने हरौरा धनावल गांव स्थित ससुराल गया था, लेकिन किन्हीं कारणों से पत्नी उसके साथ घर नहीं आई। इसके बाद इंद्रेश वापस घर लौट आया।

रात में खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। रोशनदान से देखने पर इंद्रेश का शव पक्के मकान के गार्डर में लुंगी के सहारे फंदे से लटका मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

सूचना पर लालगंज थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय और लहंगपुर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इंद्रेश दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसकी शादी इसी वर्ष मार्च में हुई थी। अचानक हुई घटना से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

----------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा