फर्राटा पंखा बनाते समय करंट की चपेट में आने से युवक की माैत

 


मीरजापुर, 14 अगस्त (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के रीवां गांव में शुक्रवार की शाम फर्राटा पंखा बनाते समय करंट की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन बिजली सप्लाई बंद कर युवक को उपचार के लिए नारायनपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

रीवां गांव निवासी रविशंकर गुप्ता शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे घर पर फर्राटा पंखे को ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पंखे में उतरे करंट की चपेट में आ गए। परिजनों ने तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद की और युवक को इलाज के लिए नारायनपुर ले जाने लगे। रास्ते में हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलने पर जमालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रविशंकर तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और सिम बेचने का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी दो बहनें हैं। युवक की मौत की खबर मिलते ही पत्नी प्रीति बेसुध हो गई। मृतक की चार वर्षीय बेटी रितिका और छह माह की मासूम प्रवीता हैं। पिता की मौत से दोनों मासूम बेटियां भी मां की गोद में सिसकती रहीं।

जमालपुर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि विद्युत उपकरण ठीक करते समय युवक करंट की चपेट में आया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा