चलती ट्रेन से गिरा अधेड़, रेलवे ट्रैक पर मिला शव
- मोबाइल से होगी पहचान
मीरजापुर, 12 अगस्त (हि.स.)। पड़री थाना क्षेत्र के झींगुरा स्टेशन के पास बुधवार सुबह ट्रेन से गिरकर करीब 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना से आसपास हलचल मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
झींगुरा स्टेशन अधीक्षक ने सुबह करीब सात बजे पड़री पुलिस को मेमो भेजकर घटना की जानकारी दी। मेमो के मुताबिक रेलवे लाइन पर पोल संख्या 730/17 और 717/19 के बीच एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने मोबाइल को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस पर लगा दिया है। कॉल डिटेल और मोबाइल में दर्ज संपर्कों के आधार पर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा