भतीजे को लेने स्टेशन जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
- ट्रक की टक्कर से गंभीर घायल हुआ बाइक सवार, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम
मीरजापुर, 14 जुलाई (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र के टेढ़वा पुलिस चौकी के पास मंगलवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार भदोही जनपद के औराई थाना क्षेत्र के नरथुआ गांव निवासी विजय कुमार तिवारी (35) पुत्र श्याम नारायण तिवारी अपने भतीजे अतुल तिवारी को रिसीव करने के लिए बाइक से मीरजापुर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। सुबह टेढ़वा पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर आगे मीरजापुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल को औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि विजय कुमार अपने भतीजे के सूरत से आने पर उसे लेने स्टेशन जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।
चील्ह थाना प्रभारी बद्री प्रसाद सरोज ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। अभी तक परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा