ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

 


- कैलहट रेलवे स्टेशन के पास हादसा, बीमारी के चलते मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी

मीरजापुर, 03 सितंबर (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के कैलहट रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जगरनाथपुर गांव निवासी रामलाल (60) पुत्र सरजू मजदूरी करते थे।

परिजन के अनुसार वह काफी समय से बीमार चल रहे थे और बीमारी के कारण उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। गुरुवार को वह किसी काम से कैलहट गए थे। इसके बाद वह रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराते हुए परिजन को घटना की जानकारी दी। रामलाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया।

चुनार कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रेलवे ट्रैक तक वृद्ध के पहुंचने की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा