बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत, चालक फरार
-राजगढ़-चुनार मार्ग पर गोबरदहा गांव के सामने हुआ हादसा, पुलिस तलाश में जुटी
मीरजापुर, 13 सितंबर (हि.स.)। चुनार थाना क्षेत्र के सक्तेशगढ़ चौकी अंतर्गत गोबरदहा गांव के सामने रविवार को सड़क पार कर रहे वृद्ध को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्ध की ट्रॉमा सेंटर वाराणसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
गोबरदहा गांव निवासी 66 वर्षीय जैसराम सिंह रविवार को गांव के सामने राजगढ़-चुनार मार्ग पार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ के बीच बाइक सवार फरार हो गया।
परिजन घायल जैसराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार बाइक सवार की पहचान और तलाश में जुटी है।
सक्तेशगढ़ चौकी प्रभारी महेंद्र यादव ने बताया कि बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा