करंट से अधेड़ की मौत

 


मीरजापुर, 26 जून (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के अदलपुरा गांव में शुक्रवार सुबह 11 हजार केवी विद्युत लाइन पर जंपर जोड़ने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

अदलपुरा गांव निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ बबलू (45) की बशारतपुर गांव के पास राजमार्ग-74 किनारे खेत में दुकान है। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे वह ट्रांसफार्मर के 11 हजार केवी विद्युत पोल पर चढ़कर जंपर जोड़ रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जोगी सिंह ने बताया कि जंपर जोड़ते समय करंट लगने से हादसा हुआ। घटना की सूचना अदलपुरा पुलिस चौकी को दी गई। पुलिस की आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

विद्युत विभाग के अवर अभियंता विकास दुबे ने बताया कि संबंधित व्यक्ति बिना विभाग को सूचना दिए 11 हजार केवी विद्युत लाइन के पोल पर चढ़कर जंपर जोड़ रहे थे। इसी दौरान करंट लगने से उनकी मौत हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा