विषैले जंतु के काटने से अधेड़ की मौत
मीरजापुर, 20 जुलाई (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के चितौली गांव में सोमवार को विषैले जंतु के काटने से 51 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चितौली गांव निवासी इंद्रमणि तेरसू रविवार रात भोजन करने के बाद खपरैल वाले मकान में सोने चले गए। सोमवार सुबह काफी देर तक नहीं उठने पर पत्नी मंगरा देवी ने उन्हें आवाज लगाई। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर पास जाकर देखा तो वह अचेत पड़े थे। इसके बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सर्पदंश की आशंका में पहले उन्हें झाड़-फूंक के लिए ले जाया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर प्रयागराज जिले के मेजा क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक दो भाइयों में बड़े थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं।
सूचना मिलने पर जिगना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मृतक के छोटे भाई सुभाष की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा