पथरी ऑपरेशन के बाद मजदूर की मौत, अस्पताल में हंगामा
मीरजापुर, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में अदलहाट थाना क्षेत्र के नरायनपुर चौकी अंतर्गत बैकुंठपुर स्थित एक निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक मजदूर की मौत हो जाने से गुरुवार को हड़कंप मच गया। परिजन ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने पर मामला शांत हो गया।
जमालपुर क्षेत्र के खिरौड़ी गांव निवासी 38 वर्षीय राधेश्याम यादव पेट में पथरी की समस्या से पीड़ित थे। परिजन के मुताबिक उन्होंने रिश्तेदारों से कर्ज लेकर बैकुंठपुर स्थित जीवन श्री अस्पताल में भर्ती होकर गुरुवार सुबह ऑपरेशन कराया था। आरोप है कि ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और दोपहर में मौत हो गई।
मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजन ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना मिलने पर नरायनपुर चौकी प्रभारी आशुतोष शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल प्रबंधन और मृतक के परिजन के बीच वार्ता हुई। बाद में दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हो गया, जिसके बाद परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया।
मृतक राधेश्याम यादव मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। कमाने वाले सदस्य की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है। नरायनपुर चौकी प्रभारी आशुतोष शुक्ला ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया है और किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा