रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आए अधेड़ की मौत
मीरजापुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। चुनार थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबरदहा गांव के पास मंगलवार दोपहर 12:30 बजे ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामपुर सक्तेशगढ़ गांव निवासी 55 वर्षीय बिमलेश मंगलवार को तरंगा गांव गए थे। वहां से वापस घर लौटते समय गोबरदहा गांव के पास रेलवे लाइन पार करते समय अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन भी रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के बाद पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतक के तीन पुत्र और सभी विवाहित हैं।
इस संबंध में चुनार थाना के कोतवाल विजय शंकर पटेल ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा