होली से पहले सवा सात कुंतल मिलावटी खोवा नष्ट

 


मीरजापुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। होली पर्व से ठीक पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को चुनार तहसील प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने खोवा मंडी में छापेमारी कर करीब सवा सात कुंतल मिलावटी खोवा जब्त कर नष्ट करा दिया। कार्रवाई से मंडी में हड़कम्प मच गया और कई दुकानदार दुकानें बंद कर मौके से खिसक गए।

नायब तहसीलदार संजय कुमार और सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त मंजुला सिंह के नेतृत्व में टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध खोवा मिला, जिसे जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबाकर नष्ट कराया गया। टीम ने 10 दुकानों से नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं।

खोवा मंडी स्थित कांशीराम कॉलोनी के कुछ आवासों को गोदाम के रूप में इस्तेमाल किए जाने की सूचना पर टीम ने वहां भी छानबीन की। जांच में पाम ऑयल और रिफाइंड ऑयल की खाली पन्नियां बरामद हुईं। अधिकारियों के अनुसार इनका प्रयोग खोवा को घी जैसा स्वरूप देने के लिए किया जा रहा था। प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। अभियान के दौरान खाद्य निरीक्षक राजेश मौर्य, चौकी प्रभारी चकगंभीरा हरिशंकर यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा