पटाखा फैक्ट्री विस्फोट कांड में बड़ी कार्रवाई, चौकी प्रभारी और बीट सिपाही निलंबित

 


वाराणसी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के सारंगनाथ पैगम्बरपुर में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई की है। कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में वरुणा जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश पांडेय ने पुराना पुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनुज शुक्ला और संबंधित बीट के आरक्षी प्रकाश चंद्र यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

——अवैध पटाखा निर्माण के दौरान हुआ था विस्फोट

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगम्बरपुर में राजू खान के दो मंजिला मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी और कार्यप्रणाली की समीक्षा शुरू कर दी।

—विभागीय जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय के अनुसार, मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका समेत अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विभागीय जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अवैध पटाखा निर्माण के कारण हुए इस हादसे के बाद पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर निगरानी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी