महोबा : जलसारथी ऐप पर एक क्लिक से मिलेगी गांव की पेयजल व्यवस्था की पूरी जानकारी

 


-पेयजल योजनाओं की निगरानी की सुविधा -शिकायत दर्ज करने और स्टेटस जानने का विकल्प

महोबा, 03 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए अब लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। जल जीवन मिशन के तहत विकसित जलसारथी ऐप के माध्यम से ग्रामीण अपने गांव की पेयजल व्यवस्थाए पानी की आपूर्ति और पेयजल योजनाओं की प्रगति से जुड़ी जानकारी मोबाइल पर ही प्राप्त कर सकते हैं।ऐप के जरिए नागरिक पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें और सुझाव भी दर्ज करा सकते हैं।

महोबा में मंगलवार को अधिशासी अभियंता रवि प्रताप सिंह ने बताया कि वे अधिक से अधिक संख्या में जलसारथी ऐप डाउनलोड करें और इसका उपयोग करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पेयजल योजनाओं की जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध होने से लोगों को अपने गांव की पेयजल व्यवस्था के बारे में जानने में सुविधा होगी। शिकायत और सुझाव दर्ज करने की सुविधा से नागरिक अपनी समस्याएं विभाग तक पहुंचा सकेंगे।

जलसारथी ऐप का उद्देश्य ग्रामीण पेयजल योजनाओं से जुड़ी जानकारी को आम लोगों तक आसानी से पहुंचाना है। इसके माध्यम से ग्राम ग्राम पंचायत और जिला स्तर पर पेयजल योजनाओं की स्थितिए हर घर नल कनेक्शन से संबंधित जानकारी और चल रही परियोजनाओं की प्रगति देखी जा सकती है। इससे ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में पेयजल योजनाओं की स्थिति जानने में मदद मिलती है। वहीं अधिकारी भी योजनाओं की प्रगति और निगरानी से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।जनपद में अब तक 2639 लोग इस ऐप को डाउनलोड कर चुके हैं।

शिकायत दर्ज करने के साथ स्टेटस जानने की सुविधा

जलसारथी ऐप की खासियत यह है कि नागरिक पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्या होने पर अपनी शिकायत और सुझाव दर्ज करा सकते हैं। साथ ही शिकायत की स्थिति भी ट्रैक कर सकते हैं। इससे समस्या को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और उसके निस्तारण की प्रक्रिया पर नजर रखने में मदद मिलती है। ऐप पर उपलब्ध जानकारी से ग्रामीणों को पेयजल योजनाओं के बारे में जागरूक होने और उनकी निगरानी में भागीदारी करने का अवसर मिलता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी