महोबा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, घर-घर दस्तक देंगी टीमें
महोबा, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद महोबा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ के अवसर पर बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विनय कुमार एवं जिला योजना समिति सदस्य साधना गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता हेतु प्रचार वाहन को रवाना कर किया गया। इसके साथ ही दस्तक देने वाली टीमों का सहयोग करने की अपील की गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विनय कुमार ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि आज एक जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं 11 जुलाई से 31जुलाई तक दस्तक अभियान एक साथ चलाया जाएगा। जिसका उद्देश्य डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, जापानी इंसेफेलाइटिस, कालाजार जैसे संचारी रोगों की रोकथाम करना एवं लोगों को जागरूक करना है। सीएमओ ने बताया कि आशा, एएनएम घर-घर जाकर बुखार के मरीजों की जांच, लार्वा सर्वे, सोर्स रिडक्शन, दवा वितरण का काम करेंगी।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान में स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज, शिक्षा, कृषि, पशुपालन एवं सूचना विभाग की संयुक्त भागीदारी रहेगी।इस अवसर पर महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ आर के चौरिहा, जिला मलेरिया अधिकारी एवं अन्य मौजूद रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी