श्रद्धापूर्वक मनाई गई महाराणा प्रताप जयंती, युवाओं ने निकाली रैली

 


मीरजापुर, 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में जिगना क्षेत्र के मनिकठी गांव स्थित पंचायत भवन में बुधवार को शौर्य, साहस और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के जीवन और संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और वीरता का प्रतीक बताया। एक राष्ट्र-एक चुनाव अभियान के जिला सह संयोजक अंकित तिवारी ने कहा कि महाराणा प्रताप का नाम भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा कि मेवाड़ के वीर सपूत ने स्वाभिमान की रक्षा के लिए जंगलों और पहाड़ों में कठिन जीवन व्यतीत किया, लेकिन कभी भी मुगल सत्ता की अधीनता स्वीकार नहीं की।

कार्यक्रम संयोजक एवं एनसीसी एलुमनि के प्रदेश उपाध्यक्ष निहाल सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का वीरतापूर्ण इतिहास आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वहीं ग्राम प्रधान कमलेश बिंद ने कहा कि महाराणा प्रताप जैसे महान योद्धा और राष्ट्रनायक की जयंती मनाना गौरव की बात है। उन्होंने युवाओं से समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में एबीवीपी के पदाधिकारी राहुल तिवारी, ओम दुबे और सौरभ पांडेय समेत अन्य युवाओं ने महाराणा प्रताप के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा किए। कार्यक्रम के समापन पर युवाओं ने महाराणा प्रताप के बैनर तले जागरूकता रैली निकालकर उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा