महिलाओं की आड़ में राजनीति न करे भाजपा, महंगाई और रोजगार पर दे जवाब : लोकदल
लखनऊ, 22 अप्रैल (हि.स.)। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की “जनाक्रोश रैली” पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को सच में जनता के मुद्दों के लिए सड़क पर उतरना था, तो वह महिलाओं की आड़ लेने के बजाए महंगाई, गैस की भारी किल्लत, खाने पीने की चीजों में बढ़ती कीमतों और युवाओं को रोजगार जैसे ज्वलंत मुद्दों पर उतरती, तो लोगों का विश्वास भी मजबूत होता।
उन्होंने कहा कि आज देश की आम जनता महंगाई से त्रस्त है। रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। गरीब और मध्यम वर्ग के लिए दो वक्त का भोजन जुटाना कठिन हो रहा है, जबकि युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। ऐसे में भाजपा का महिलाओं के नाम पर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास पूरी तरह से जनता को गुमराह करने वाला है।
सुनील सिंह ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा द्वारा विपक्ष पर लगाए जा रहे आरोपों को भी भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को वास्तविक आरक्षण और राजनीतिक भागीदारी देने के बजाय भाजपा केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है, जबकि ठोस कदम उठाने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल नारों और रैलियों से नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण के ठोस कदमों से सुनिश्चित होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इन मूल मुद्दों पर विफल रही है और अब जनाक्रोश को भटकाने के लिए ऐसे आयोजन कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं का विरोध केवल विपक्ष के ऊपर थोप देने से इस बार चुनाव में राजनीतिक “रोटी सेंकने” की कोशिश सफल नहीं होगी। देश की महिलाएं समझदार हैं और वे इस तरह की राजनीति को इस बार सफल नहीं होने देंगी।
उन्होंने अंत में कहा कि देश की जनता अब जागरूक है और वह दिखावटी राजनीति के बजाय वास्तविक मुद्दों पर काम करने वाली सरकार को ही समर्थन देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा