लोक अदालत का ‘मेगा मिशन’: नाै मई को हजारों मुकदमों के निस्तारण की तैयारी

 


मीरजापुर, 04 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए न्यायालय प्रशासन ने सोमवार को जागरूकता अभियान की शुरुआत की। दीवानी न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो जिलेभर में लोगों को लोक अदालत के फायदे और प्रक्रिया की जानकारी देगा।

कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्र, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश संजय कुमार शुक्ला, अपर जिला जज व नोडल अधिकारी संतोष कुमार गौतम समेत अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने आमजन से अपील की कि वे लोक अदालत में पहुंचकर अपने मामलों का त्वरित और सुलह के आधार पर निस्तारण कराएं।

जनपद न्यायाधीश ने बताया कि 9 मई को सुबह 10 बजे से दीवानी न्यायालय, बाह्य न्यायालय चुनार, ग्राम न्यायालय मड़िहान सहित विभिन्न विभागों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। इसमें बैंक लोन, वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना, राजस्व और सिविल मामलों का निस्तारण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लोक अदालत में दिए गए फैसले अंतिम होते हैं और इनके खिलाफ अपील नहीं की जाती। पिछले लोक अदालत में 81 हजार से अधिक मामलों का निस्तारण हुआ था, जबकि इस बार करीब 41 हजार मामलों को चिन्हित किया गया है।

अपर जिला जज संतोष कुमार गौतम ने बताया कि सभी तहसील, राजस्व, बैंक और विभागीय स्तर पर सुलह योग्य मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। वहीं डीएलएसए सचिव विनय आर्या ने बताया कि 6 से 8 मई तक लघु आपराधिक मामलों के लिए विशेष लोक अदालत भी आयोजित की जाएगी। न्यायिक अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे इस मौके का लाभ उठाकर अपने पुराने मामलों को खत्म कराएं और समय व धन दोनों की बचत करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा