उप्र में विधान सभा चुनाव लड़ेगी लोजपा (रामविलास) : अरुण भारती
गोरखपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं बिहार के जमुई से सांसद अरुण कुमार भारती ने दावा किया कि लोजपा (रामविलास) उत्तर प्रदेश में दमदारी के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। इस बार प्रदेश में पार्टी का खाता खुलेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 में भी पार्टी संस्थापक स्व. रामविलास पासवान के नेतृत्व में लोजपा ने उत्तर प्रदेश में दो विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी।
गोरखपुर में पत्रकारों से बातचीत में अरुण भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन के विस्तार पर तेजी से काम कर रही है। विभिन्न समाजों के साथ अलग-अलग बैठकें कर उनकी समस्याओं को समझा जा रहा है। दलित चौपाल और सहभोज जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी जाति-पाति से आगे बढ़कर सामाजिक समरसता और जनसरोकार के मुद्दों को लेकर आगे बढ़ने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान दलित समाज के बीच संविधान खतरे में होने का झूठा संदेश पहुंचाया गया, जिसका लाभ समाजवादी पार्टी को मिला। लोकसभा चुनाव के बाद सपा पर दलितों के साथ कथित तौर पर प्रताड़ना किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अब दलित समाज के बीच उनकी पार्टी लगातार संवाद स्थापित कर रही है। अरुण भारती ने कहा कि लोजपा (रामविलास) उत्तर प्रदेश में सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन विस्तार और सामाजिक संवाद के जरिए 2027 के चुनाव की तैयारी कर रही है। पार्टी का लक्ष्य मजबूत संगठन के साथ चुनाव मैदान में उतरकर प्रदेश की राजनीति में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय