उप्र के लोधेश्वर धाम में श्रावण सोमवार की तैयारियां पूरी, सुरक्षा व सुविधाओं पर प्रशासन का विशेष जोर

 


बाराबंकी, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में विश्व प्रसिद्ध श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शनिवार को महादेवा ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर लगातार भ्रमण करने, भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सेवाएं और खोया-पाया केंद्र की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले पंचायत भवनों और अन्य सरकारी भवनों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य चिकित्सालयों को अलर्ट मोड पर रखते हुए चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाओं और एंबुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचने तथा संवेदनशील स्थानों, पार्किंग और भीड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए।

श्रावण मास की व्यवस्थाओं के तहत श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर और कांवड़ यात्रा मार्ग को चार जोन और नौ सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि पूरे मेले और यात्रा मार्ग की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। ब्रीफिंग से पहले डीएम और एसपी ने पूरे परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा भी लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी