लखनऊ : परिवहन विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी के घर विजिलेंस का छापा,नकदी समेत करोड़ों के जेवरात मिले

 




लखनऊ, 08 जुलाई (हि.स.)। ट्रांसपोर्ट विभाग में सेवानिवृत्त सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर विजिलेंस ने बुधवार को छापा मारा। इस दौरान 13 किलो सोना, हीरे के जेवर बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

विजिलेंस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपित ललित कुमार मूलरूप से रायबरेली जिले का रहने वाला है। उनको खिलाफ कानपुर में तैनाती के दौरान विजिलेंस से भ्रष्टाचार की शिकायत की गई थी। इसके बाद विजिलेंस ने लखनऊ के अलीगंज के चंद्रलोक कालोनी सात और आठ जुलाई को छापेमारी कर 13 किलो सोना, नौ किलो चांदी, हीरे के जेवरात बरामद किए हैं, जिसकी अनुमानित कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक है। इन्हें घर में विभिन्न जगहों पर पैकेट बनाकर रखा गया था।

इसके अलावा टीम को ललित से जुड़े बंगला, कोठियां, दुकानें, खेत और अन्य संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। इस कार्रवाई की सरहना करते हुए डीजीपी राजीव कृष्ण ने कार्यवाही में शामिल टीम को एक लाख रुपये पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक