लखनऊ : डबल डेकर बस में लगी भीषण आग, 30 यात्री सकुशल रेस्क्यू
- गोरखपुर से गुजरात जा रही थी बस, सामान जलने की सूचना
लखनऊ, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को शहीद पथ पर एक डबल डेकर बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बस गोरखपुर से गुजरात जा रही थी। मेदांता अस्पताल के सामने बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, चलते समय बस के एक टायर में आग लगी, जिसने देखते ही देखते बस के पिछले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, समय रहते सभी 30 यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कुछ यात्रियों के सामान के जलने की जानकारी सामने आई है।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईंगंज और सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
अपर पुलिस (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि टायर फटने की वजह से हादसा हुआ है।
हादसे के बाद यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर शहीद पथ पर कुछ समय के लिए यातायात डायवर्ट किया गया। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस के अनुसार, स्थिति फिलहाल सामान्य और नियंत्रण में है। किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हैं।
-----------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा