(संशाेधित) विधानसभा मानसून सत्र को लेकर पुलिस अलर्ट
लखनऊ, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा मानसून सत्र के मद्देनजर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस दौरान विधान भवन और उसके आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से चार जोन और 10 सेक्टरों में बांटा गया है। सत्र के दौरान किसी भी प्रकार का धरना या प्रदर्शन को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल को तैनात किया गया है।
सयुंक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने रविवार को बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से तीन अपर पुलिस उपायुक्त, 11 सहायक पुलिस आयुक्त, छह कंपनी पीएसी/आरएएफ और एटीएस कमांडो तैनात रहेंगे। इसके अलावा एलआईयू, बम निरोधक दस्ता, एक एन्टी-माइन टीम और 04 एंटी-सैबोटाज टीम भी सक्रिय रहेंगी।
उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए 13 निरीक्षक, 61 उप-निरीक्षकों, 191 मुख्य आरक्षी व आरक्षी, 67 होमगार्ड को लगाया गया है। प्रमुख चौराहों व मार्गों बंदरियाबाग चौराहा, डीएसओ चौराहा, रॉयल होटल चौराहा, परिवर्तन चौक, सिकंदरबाग़ चौराहा, केकेसी तिराहे पर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। कुल फोर्स में 30 निरीक्षक, 268 उपनिरीक्षक, 617 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 162 महिला आरक्षी, 67 होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है।
जेसीपी बबलू कुमार ने बताया कि पुलिस ने विधानभवन के पांच किलोमीटर दायरे में हाई अलर्ट घोषित कर बीएनएसएस की धारा 163 लागू की है। इस दौरान ज्वलनशील पदार्थ, हथियार, सिलेंडर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
उन्होंने जनता से अपील है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। इस दौरान सोशल मीडिया पर भी निगरानी के लिए टीमें लगाई गई हैं। किसी भी भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने सभी जनमानस से अनुरोध किया है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और यातायात डायवर्जन का पालन करें।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक