लखनऊ : खाली प्लॉट में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
लखनऊ, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बीकेटी थानाक्षेत्र में शनिवार को एक व्यक्ति का शव खाली प्लॉट में पड़ा मिला है। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने पर प्रथम दृष्टया हत्या की बात समाने आई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामपुर गांव के पास शहीद पथ रोड के किनारे एक खाली प्लॉट में कंबल से ढका हुआ युवक का शव मिला है। इस सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। माैके पर फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किये। प्रथम दृष्टया मृतक के माथे पर कट और सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान दिखाई दिए हैं। मृतक की उम्र 45 साल करीब लग रही है। आशंका है कि उसकी हत्या के बाद शव प्लाॅट में फेंका गया है। मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है, उसकी पहचान के प्रयास और माैत की जानकारी जुटाई जा रही हैैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक