बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर लखनऊ में हुआ समारोह, आदिवासी संस्कृति की दिखी झलक

 


लखनऊ, 15 नवंबर (हि.स.)। महान आदिवासी जननायक एवं स्वतंत्रता सेनानी वीर शिरोमणि बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती रविवार को राजधानी लखनऊ में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर थारू उत्थान महासमिति के तत्वावधान में विजय नगर स्थित अंबेडकर पार्क में समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आदिवासी समाज के लोगों ने बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

आश्रम रोड स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित समारोह में आदिवासी सरना कल्याण समिति की ओर से विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से आदिवासी समाज की समृद्ध परंपराओं, लोक संस्कृति और सामाजिक विरासत की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भागीदारी की।

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज को संगठित करने के साथ अपनी संस्कृति, परंपरा और पहचान की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका संघर्ष आज भी नई पीढ़ी को सामाजिक एकता और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश देता है।

समारोह के आयोजक थारू उत्थान महासमिति के अध्यक्ष महेंद्र कुमार एवं उपाध्यक्ष चौधरी देवतादीन ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य आदिवासी महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और नई पीढ़ी को अपने इतिहास से परिचित कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा