राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सुनीं पीड़ित महिलाओं की समस्याएं

 


औरैया, 17 दिसंबर (हि.स.)। महिला उत्पीड़न जैसे मामलों की रोकथाम एवं महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाए जाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता ने बुधवार को विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया। उन्होंने जनपद की पीड़ित महिलाओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।

महिला जनसुनवाई के दौरान विधवा पेंशन, अतिरिक्त विवाह, घरेलू हिंसा, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं भूमि विवाद से संबंधित कुल 11 शिकायती पत्र प्राप्त हुए। अनीता गुप्ता ने सभी मामलों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का शीघ्र निस्तारण कर पीड़ित महिलाओं को राहत प्रदान की जाए।

उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने ऊपर हो रहे किसी भी प्रकार के अत्याचार को सहन न करें। राज्य महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा एवं न्याय दिलाने के लिए उनके साथ खड़ा है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए संचालित टोल फ्री नंबर 1090, 181, 1076, 112, 102, 1098 एवं 108 की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महिलाएं निसंकोच इन नंबरों पर संपर्क कर सकती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय से न्याय न मिले तो महिलाएं राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज करा सकती हैं, जहां से उन्हें निश्चित रूप से न्याय दिलाया जाएगा।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सृष्टि सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रदीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पीड़ित महिलाएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार