मीरजापुरः पर्यटकों के लिए 11 जुलाई से खुलेगा लिखनिया दरी, पार्किंग की टेंडर प्रक्रिया पूरी

 


मीरजापुर, 10 जुलाई (हि.स.)। जनपद के प्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन स्थल लिखनिया दरी को शनिवार से एक बार फिर पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। वन विभाग ने पार्किंग संचालन की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है, जिसके बाद पर्यटक दोबारा इस स्थल का आनंद ले सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि लगभग चार माह पूर्व पार्किंग शुल्क को लेकर पर्यटकों और पार्किंग संचालक के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने पार्किंग का टेंडर निरस्त कर दिया था। इसके साथ ही सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए लिखनिया दरी को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।

वन विभाग ने नई टेंडर प्रक्रिया पूरी करते हुए मधुपुर निवासी एक व्यक्ति को पार्किंग संचालन का ठेका आवंटित किया है। इसके बाद शनिवार से पर्यटन स्थल को पुनः आम लोगों के लिए खोलने का निर्णय लिया गया है।

सुकृत वन क्षेत्र के रेंजर सुधांशु श्रीवास्तव ने बताया कि पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लिखनिया दरी आने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

लिखनिया दरी अपने प्राकृतिक झरने, हरियाली और मनोहारी वादियों के कारण विंध्य क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। इसके पुनः खुलने से स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा