फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायत मिलने पर लेखपाल व सचिव को किया सस्पेंड
फर्रूखाबाद, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील अमृतपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में जन शिकायत के आधार एक लेखपाल तथा ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया। डीएम ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने कार्यों में लापरवाही बरतने पर कड़ा रुख अपनाते हुए लेखपाल उत्कर्ष दुबे एवं ग्राम विकास अधिकारी मानेंद्र सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य जनता को त्वरित न्याय एवं राहत प्रदान करना है, इसलिए सभी अधिकारी इस कार्य को गंभीरता से लें।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखी जाए तथा शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 114 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 48, पुलिस विभाग की 22, विद्युत विभाग की तीन, विकास विभाग की 18, खाद्य एवं रसद विभाग की पांच तथा अन्य विभागों की 13 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर दो शिकायतों का निस्तारण किया गया।जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों में से पांच महत्वपूर्ण प्रकरणों पर उसी दिन सायं तक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तीन लाभार्थियों को मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनवाकर वितरित किए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी अमृतपुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar