मीरजापुर: सपा नेता एवं अधिवक्ता से दुर्व्यवहार पर भड़के वकील, एसडीएम कोर्ट में तोड़फोड़

 




मीरजापुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) नेता व अधिवक्ता सतीश मिश्रा से कथित दुर्व्यवहार के विरोध में शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर बवाल हुआ। बार एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने आपात बैठक कर सीओ सिटी विवेक जावला और एसडीएम सदर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। बताया गया कि दो दिन पहले अनशन कर रहे कांग्रेस नेताओं के समर्थन में पहुंचे अधिवक्ता सतीश मिश्रा के साथ सीओ सिटी और एसडीएम सदर ने कथित रूप से दुर्व्यवहार किया था।

आरोप है कि उन्हें अपशब्द कहते हुए जबरन गाड़ी में बैठाया गया, जिससे अधिवक्ताओं में नाराजगी फैल गई। इसी को लेकर बैठक के बाद अधिवक्ता जुलूस की शक्ल में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तानाशाही नहीं चलेगी और सीओ-एसडीएम को निलंबित करो जैसे नारों से परिसर गूंज उठा। इसके बाद आक्रोशित अधिवक्ता एसडीएम सदर न्यायालय पहुंच गए, जहां उन्होंने कुर्सियां तोड़ दीं, फाइलें फेंक दीं और कंप्यूटर-लैपटॉप को भी नुकसान पहुंचाया। अचानक हुए घटनाक्रम से कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अधिवक्ताओं ने दोनों अधिकारियों के निलंबन की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि सतीश मिश्रा सपा से नगर पालिका चुनाव भी लड़ चुके हैं और अधिवक्ता एवं बार एसोसिएशन के सदस्य हैं। उक्त घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मामले की जांच की बात कही जा रही है, जबकि कलेक्ट्रेट परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा