लखीमपुर खीरी : परिवार रजिस्टर में फर्जीवाड़ा करने वाला ग्राम पंचायत सचिव निलंबित
लखीमपुर खीरी, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी में ग्राम पंचायत के सरकारी अभिलेखों में अनियमितताओं और फर्जीवाड़े के मामलों में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिषेक कुमार ने ग्राम पंचायत सचिव मनोज यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। परिवार रजिस्टर में बिना सक्षम स्वीकृति के बाहरी महिला का नाम दर्ज करने और फर्जी नकल जारी करने के गंभीर मामले में यह कार्यवाही की गयी है।
क्या है पूरा मामला ?
यह पूरा प्रकरण ग्राम कादीपुर के सफियापुर से जुड़ा हुआ है। यहाँ के निवासी अरविंद कुमार ने सीधे सीडीओ अभिषेक कुमार के समक्ष उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि परिवार रजिस्टर में किसी बाहरी महिला को अनुचित लाभ पहुँचाने के इरादे से नियमों को ताक पर रखकर बिना किसी सक्षम स्तर की स्वीकृति के फर्जी प्रविष्टि (एंट्री) की गई है। इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी खुलासा हुआ कि परिवार रजिस्टर की इसी कूटरचित प्रति का इस्तेमाल अदालती मामलों में अनुचित लाभ लेने के लिए भी किया जा रहा था।
सत्यापन में खुली पोल और जांच के निर्देश
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सीडीओ ने संबंधित कर्मचारी को मूल अभिलेखों सहित कार्यालय में तलब कर लिया। जब कार्यालय में अभिलेखों का बारीकी से भौतिक सत्यापन किया गया, तो जाँच के दौरान यह भी पाया गया कि दर्ज महिला के आधार कार्ड के विवरण और परिवार रजिस्टर के डेटा में भारी भिन्नता है। इसके अलावा, जो नकल बाहर जारी की गई थी, उसमें तथ्यों के साथ गंभीर छेड़छाड़ व हेराफेरी की गई थी। इन पुख्ता सबूतों के आधार पर ग्राम पंचायत सचिव मनोज यादव को तत्काल निलंबित कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे मामले की अब और गहराई से विस्तृत जाँच की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव