जिला महिला चिकित्सालय की मेडिकल कॉलेज भवन में शिफ्टिंग जल्द, सीडीओ ने किया निरीक्षण

 




सीडीओ, प्रिंसिपल और कार्यदायी संस्था के साथ किया निरीक्षण, समयसीमा में पूरा हो शिफ्टिंग का कार्य

लखीमपुर खीरी, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी के जिला महिला चिकित्सालय को मेडिकल कॉलेज के नवनिर्मित भवन में शिफ्ट करने की लंबे समय से प्रतीक्षित प्रक्रिया अब अंतिम दौर में पहुंच गई है। सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ ) अभिषेक कुमार ने जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। शिफ्टिंग में आ रही बाधाओं की जमीनी हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या तकनीकी बाधा को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही कार्यदायी संस्था को तलब कर लिफ्ट संचालन का ट्रायल अपने समक्ष करवाया तथा तकनीकी खामियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण शिफ्टिंग प्रक्रिया को किसी भी दशा में इस माह के अंत तक पूरा किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए।

मेडिकल कॉलेज भवन में शिफ्टिंग पूरी होने के बाद जिला महिला चिकित्सालय की मरीजों को बेहतर, आधुनिक एवं सुविधायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। लंबे समय से प्रतीक्षित इस कदम से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव