छात्रों ने विज्ञान बस में देखे विज्ञान के चमत्कार, जिलाधिकारी ने नवाचार के लिए किया प्रेरित

 




लखीमपुर खीरी, 04 मई (हि.स.)। किताबों के सैद्धांतिक ज्ञान को जब धरातल पर प्रयोगों के माध्यम से देखने का अवसर मिला, तो नन्हे वैज्ञानिकों की जिज्ञासा सातवें आसमान पर पहुंच गई। जनपद में पिछले 22 दिनों से चल रहे विज्ञान जागरूकता अभियान का सोमवार को समापन हुआ। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने गुरुनानक विद्यक सभा इंटर कॉलेज में विज्ञान बस का अवलोकन कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और इस अभियान को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जिला विज्ञान क्लब द्वारा संचालित यह मोबाइल विज्ञान प्रदर्शनी (विज्ञान बस) 13 अप्रैल से जिले के विभिन्न तहसीलों और विद्यालयों का भ्रमण कर रही थी। जिला समन्वयक सुनील कुमार मिश्र के समन्वयन में इस बस ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के हजारों छात्रों को विज्ञान की अद्भुत दुनिया से रूबरू कराया। समापन अवसर पर जिलाधिकारी ने बस में तैनात एजुकेटर्स और सहयोगी टीम को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया।

3D प्रिंटर और टेलीस्कोप बने आकर्षण का केंद्र

विज्ञान बस के भीतर मौजूद अत्याधुनिक उपकरणों ने छात्रों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने पहली बार 3D प्रिंटर की कार्यप्रणाली को समझा और टेलीस्कोप व माइक्रोस्कोप के जरिए सूक्ष्म व खगोलीय रहस्यों को जाना। बस में भौतिकी, रसायन और जीव विज्ञान से जुड़े लगभग 300 प्रयोगों और आईआईटी कानपुर द्वारा तैयार शैक्षणिक फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। हैंड-ऑन प्रयोगों के माध्यम से बच्चों ने जटिल सिद्धांतों को बेहद सरलता से सीखा।

छात्रों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि विज्ञान केवल विषय नहीं, बल्कि सोचने का नजरिया है। उन्होंने छात्रों को लकीर का फकीर बनने के बजाय नवाचार अपनाने और हर 'क्यों' का उत्तर खोजने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने जिला विज्ञान क्लब को निर्देशित किया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं ताकि जिले का कोई भी बच्चा वैज्ञानिक सोच से वंचित न रहे। इस दौरान ​जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, प्रधानाचार्य डॉ. मीनाक्षी तिवारी व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव