गोला वनरेंज के रिहायशी इलाके के पास चहलकदमी करता दिखा तेंदुआ, लोगों में दहशत

 


लखीमपुर -खीरी, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर -खीरी के गोला वनरेंज क्षेत्र के रायपुर आबादी वाले इलाके में बीती रात एक तेंदुआ देखे जाने से हड़कंप मच गया। राहगीरों द्वारा तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों को अकेले न निकलने और रात में समूह में चलने की सख्त हिदायत दी है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर आबादी के पास झाड़ियों के करीब तेंदुए को चहलकदमी करते हुए देखा गया। गोला से पड़रिया तुला की ओर लौट रहे कुछ युवकों की नजर जब तेंदुए पर पड़ी, तो उन्होंने उसका वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया गया, जिसके वायरल होते ही आसपास के गांवों में चिंता और डर बढ़ गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। वन दरोगा नरेश कुमार ने बताया कि जंगल से सटे इलाकों में तेंदुआ कभी-कभी भटककर रिहायशी क्षेत्र में आ जाते हैं। स्थानीय लोग सुरक्षा के लिहाज से अकेले आने-जाने से बचें और खासकर रात के समय हमेशा समूह में ही चलें। झाड़ियों और सुनसान रास्तों पर आवाजाही करते समय विशेष सावधानी बरतें। तेंदुए को खुद भगाने या उसके नजदीक जाने की कोशिश कतई न करें। तेंदुआ दिखने पर तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को सूचित करें। वन दरोगा ने बताया कि वन विभाग की टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव