लखीमपुर खीरी में 16 केंद्रों पर 25 से 27 अप्रैल तक होगी होमगार्ड परीक्षा, सीडीओ ने ली बैठक
लखीमपुर खीरी, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी में हाेने वाली उप्र होमगार्ड भर्ती की परीक्षा 16 परीक्षा केंद्रों पर 25, 26 एवं 27 अप्रैल को दो-दो पालियों में परीक्षा आयोजित हाेगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सोमवार को अटल सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ( सीडीओ) अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ अभिषेक कुमार ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों एवं मजिस्ट्रेटों को उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। सीडीओ ने सख्त लहजे में कहा कि परीक्षा संचालन से जुड़े नियमों का सभी अधिकारी गहन अध्ययन कर लें और किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की चूक पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में परीक्षा के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ब्रजपाल सिंह, नोडल अधिकारी (पुलिस)/एएसपी पूर्वी पवन गौतम, सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, स्टैटिक ओर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव