छोटी काशी गोला में चैती मेले की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने की समीक्षा

 


लखीमपुर खीरी, 16 मार्च (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश में छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में ऐतिहासिक चैती मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। साेमवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी डॉ ख्याति गर्ग की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में नगर पालिका, तहसील प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मेले की सभी जरूरी तैयारियों को समय से पूरा करें।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि चैती मेला यहां की संस्कृति और सभ्यता का प्रतीक है। इसे सजाने संवारने और व्यवस्था में नगर पालिका, प्रशासन के साथ नगर वासियों का भी विशेष सहयोग चाहिए। डीएम ने मेले के आयोजन में सुविधा, सुरक्षा और सुगमता पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य है कि यह ऐतिहासिक चैती मेला सुरक्षित, सफलतापूर्वक संपन्न हो, जिससे स्थानीय जनता और दूर-दराज से आने वाले दुकानदारों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने चैती मेला में पुलिस व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था, मेले में मेडिकल, पुलिस एवं फायर के लगने वाले कैंप, पेयजल व्यवस्था, खोया पाया कैम्प, सफाई व्यवस्था, छिड़काव, फॉगिंग एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका, तहसील प्रशासन को निर्देश दिए कि चैती मेले की सभी जरूरी व मुकम्मल तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं।

एसपी डॉ.ख्याति गर्ग ने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व की तरह यह मेला भी सकुशल, व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा। सभी के सहयोग से मेले का आयोजन खुशी और सौहार्द के साथ सुनिश्चित किया जाएगा। सुझाव दिया कि स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सामाजिक मुद्दों से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम भी शामिल किए जाएं। इससे युवा पीढ़ी में सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का संदेश जाएगा। मेले में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रहेगी, ताकि आमजन मेले का आनंद पूरी सुरक्षा के साथ ले सकें।

एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने निर्देश दिए कि लूज वायर, ट्रांसफार्मर ठीक करवाए जाएं। खुले ट्रांसफार्मर की बैरिकेटिंग और खतरे का निशान स्पष्ट प्रदर्शित किया जाए। विद्युत आपूर्ति सुचारू रहे। उन्होंने रेट लिस्ट, फूड टेस्टिंग, खाद्य पदार्थों की सफाई, वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था, सफाई कार्मिकों की रोस्टर ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सिविल डिफेंस और एनजीओ के प्रतिनिधियों को मेले में अपनी सेवाएं देने के लिए कहा गया।

एएसपी अमित कुमार राय ने कहा कि मेले में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती रहेगी। पार्किंग और मेला सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जाएगी। झूले की समय-समय पर सुरक्षा मानक जांच की जाएगी और फायर टेंडर की प्रॉपर व्यवस्था भी रहेगी।

नपाप अध्यक्ष विजय कुमार शुक्ल रिंकू ने कहा कि प्रशासन के मार्गदर्शन में चलने वाले मेले को भव्यता से आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगर वासियों का अपेक्षित सहयोग की आकांक्षा है। मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिसमें स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे।

डीएम-एसपी ने किया मेला स्थल का भ्रमण

बैठक के बाद डीएम-एसपी ने मेला स्थल का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में लगी अस्थायी दुकानों को खाली कराने और निर्धारित समय के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मेला समय पर और व्यवस्थित तरीके से शुरू हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

इनकी रही मौजूदगी

सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पश्चिमी अमित राय, एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी, युगांतर त्रिपाठी, प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धार्वे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और जन सामान्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव