कांशीराम आवास कॉलोनी में छत से गिरकर मजदूर की मौत

 


मीरजापुर, 01 जुलाई (हि.स.)। कोतवाली क्षेत्र के दुर्गाजी मोड़ स्थित कांशीराम आवास कॉलोनी में मंगलवार देर रात छत से गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 32 वर्षीय लक्ष्मण प्रसाद पुत्र स्वर्गीय रमापति कोल निवासी टमलगंज, थाना चुनार के रूप में हुई है। वह पिछले कई वर्षों से कांशीराम आवास कॉलोनी में रहकर मजदूरी के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके दो बच्चे हैं, जबकि उसकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। बताया गया कि मंगलवार रात करीब पौने 10 बजे लक्ष्मण प्रसाद छत से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कहरहट चौकी प्रभारी सदानंद सिंह ने बताया कि परिजन के अनुसार मृतक नशे का आदी था। प्रारंभिक जांच में छत से फिसलकर गिरने के कारण मौत होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा