मीरजापुर में 9.86 करोड़ का लेबर बजट व 24.32 करोड़ का क्षेत्र पंचायत बजट पारित

 


मीरजापुर, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में विकास खंड सभागार में सोमवार को ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 9.86 करोड़ रुपये का लेबर बजट तथा 24.32 करोड़ रुपये का क्षेत्र पंचायत बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। लेबर बजट के तहत 2,34,983 मानव दिवस सृजित करने का लक्ष्य तय किया गया।

बैठक में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचम राज्य वित्त एवं केंद्रीय वित्त आयोग की कार्ययोजनाओं, जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, भूजल रिचार्ज, पेयजल योजनाओं व पेंशन योजनाओं पर चर्चा की गई। पंचम राज्य वित्त आयोग के तहत 3.60 करोड़ तथा केंद्रीय वित्त आयोग के तहत 1.66 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई। साथ ही 600 प्रधानमंत्री आवास और 50 मुख्यमंत्री आवास निर्माण का लक्ष्य तय किया गया।

बैठक में मूजडीह के क्षेत्र पंचायत सदस्य ने ग्राम सचिव पर जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र एवं परिवार रजिस्टर की नकल जारी करने में लापरवाही तथा पंचायत सहायक पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। ब्लॉक प्रमुख ने सभी योजनाओं का पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बीडीओ रामराज कुशवाहा, एडीओ पंचायत हरिशंकर पांडेय सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा