कोटारनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजाराें श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

 


मीरजापुर, 24 अगस्त (हि.स.)। सावन के चौथे सोमवार को अदवा नदी के बीच स्थित कोटारनाथ शिवधाम हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। भोर होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की लंबी कतार लग गई। दूर-दराज से पहुंचे हजारों भक्तों ने अदवा नदी से जल लेकर पैदल मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की।

श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, बेलपत्र, धतूरा सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ बढ़ती गई। मंदिर के पुजारी जयराम गिरि और शिवराम गिरि के अनुसार, 50 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। मौसम साफ रहने के कारण इस बार भक्तों की भीड़ पूरे दिन बनी रही।

मान्यता है कि सावन सोमवार को कोटारनाथ धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु अदवा नदी से जल लेकर बाबा के दरबार पहुंचे।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। एसआई शिवजी यादव, रमाशंकर और चरण सिंह पुलिसकर्मियों व महिला पुलिसकर्मियों के साथ मंदिर परिसर में तैनात रहे। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम भी मौजूद रही। थाना प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लेते रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित दर्शन को लेकर पुलिसकर्मी पूरे दिन मुस्तैद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा