सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से बाप-बेटे की मौत

 


कानपुर, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में कल्याणपुर थाना क्षेत्र में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान पिता-पुत्र की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर तीन लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पड़ताल शुरू कर दी है।

कर्नलगंज इलाके के रहने वाले इरफान ने बताया कि रात में कल्याणपुर के गोवा गार्डन स्थित अपार्टमेंट में अपने ससुर जावेद (45) और साले आबिद (25) के साथ सेप्टिक टैंक साफ करने पहुंचे थे। रात करीब 12 बजे तीनों अंदर गए। पहले राउंड में सफाई करने के बाद तीनों बाहर आ गए। इसके बाद करीब दो बजे दोबारा सफाई करने के लिए टैंक में उतरे। जावेद और आबिद गहराई में चले गए। काफी देर तक उनके बाहर न आने पर अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण सीवर टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस लग रहा है। फिलहाल दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप