फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर कानपुर देहात में निकली जागरूकता रैली, बच्चों ने दिया 'दवाई खाने' का संदेश

 


कानपुर देहात, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जनपद में अकबरपुर ब्लॉक अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर रहनिया से बुधवार को सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के तहत एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। 'फाइलेरिया से बचना है तो दवाई खाना है' के गूंजते नारों के साथ स्कूली बच्चों और स्वास्थ्य कर्मियों ने पूरे गांव में भ्रमण कर लोगों को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक किया।

रोगी हितकारी मंच (पीएसपी) के सहयोग से और एएनएम मनोज कुमार के नेतृत्व में निकली इस रैली में कम्पोजिट विद्यालय के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों के हाथों में रंग-बिरंगे बैनर और तख्तियां थीं, जिन पर दवा खाएंगे, फाइलेरिया भगाएंगे और एक भी छूटे नहीं, सब दवा खाएं जैसे संदेश लिखे हुए थे। बच्चों का यह जोश देखकर ग्रामीण भी अपने घरों से बाहर निकल आए।

प्रधानाचार्य ने बताया बच्चों को जागरूकता का दूत

विद्यालय की प्रधानाचार्य पुष्पा देवी ने कहा कि जब बच्चे घर जाकर अपने माता-पिता से दवा खाने की जिद करते हैं, तो कोई मना नहीं कर पाता। इसीलिए बच्चों को जागरूकता का मुख्य दूत बनाया गया है, ताकि वे अभियान के तहत घर आने वाली स्वास्थ्य टीम के सामने खुद भी दवा खाएं।

19 नवंबर से ०7 दिसंबर तक चलेगा एमडीए अभियान

एएनएम मनोज कुमार ने ग्रामीणों को जानकारी दी कि फाइलेरिया मच्छर के काटने से फैलने वाली लाइलाज बीमारी है, जिससे हाथीपांव और हाइड्रोसील जैसी समस्याएं होती हैं। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर से ०7 दिसंबर तक चलने वाले विशेष एमडीए अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर भोजन के उपरांत आईवरमेक्टिन, डीईसी और एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाएंगी।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाली पेट दवा का सेवन नहीं करना है। इसके अलावा, दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को यह दवा नहीं खानी है।

इस जागरूकता रैली में शिक्षक दीपा, प्रणव, अंजू पाल, प्रज्ञा कुशवाहा, स्वास्थ्य सखी आशा देवी, प्रधानाचार्य पुष्पा देवी, आशा मोती और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुष्पा देवी सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और ग्रामीण उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी