किसानों की अनदेखी कर रही केंद्र और प्रदेश सरकार : सुनील सिंह

 


हाथरस, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में सादाबाद क्षेत्र के छाबी मियां बाग मैदान में बुधवार को आलू किसानों की समस्याओं और खाद-बीज की किल्लत को लेकर लोकदल ने हल्ला बोल रैली की। इंडी गठबंधन के घटक दल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने आलू को न्यूनतम समर्थन मूल्य के दायरे में लाने और 1600 रुपये प्रति कुंतल न्यूनतम मूल्य दिलाने की मांग उठाई। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। रैली की अध्यक्षता राजेंद्र सिंह आर्या ने की, जबकि संचालन चंद्रेश चौधरी ने किया।

सुनील सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह मानना था कि गांव खुशहाल होंगे तभी देश खुशहाल होगा। आज किसान अपनी उपज का उचित दाम पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चौधरी चरण सिंह के बाद किसान राजनीति कमजोर हुई है और सरकारों ने किसानों के मुद्दों से ध्यान हटाकर लोगों को धर्म, जाति और गोत्र के नाम पर बांटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर 13 महीने चले आंदोलन के बावजूद एमएसपी की कानूनी गारंटी का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ। रैली में आलू किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का आह्वान किया गया। राष्ट्रीय लोकदल को लेकर उठे विवाद पर सुनील सिंह ने भाजपा पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना