दशहरे पर किसानों को कृषि यंत्रों पर मिलेगा अनुदान का लाभ

 


20 अक्टूबर तक होगी ऑनलाइन बुकिंग, जनपद स्तर पर निर्धारित होंगे लक्ष्य

औरैया, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दशहरा पर्व के अवसर पर किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ लेने का एक और अवसर दिया गया है। उप कृषि निदेशक दुर्गेश कुमार सिंह ने जनपद के किसानों को सूचित किया है कि कृषि विभाग की ओर से संचालित नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन के तहत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन, प्रमोशन आफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेज्ड्यू तथा अन्य योजनाओं के अवशेष कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रों की बुकिंग 07 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से 20 अक्टूबर की रात 12 बजे तक की जा सकेगी। किसान अपने कृषि पंजीकरण में दर्ज मोबाइल नंबर से टोकन प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार 10,001 रुपये से एक लाख रुपये तक अनुदान वाले कृषि यंत्रों के लिए 2,500 रुपये तथा एक लाख रुपये से अधिक अनुदान वाले कृषि यंत्रों के लिए 5,000 रुपये जमानत धनराशि निर्धारित की गई है।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि इस बार कृषि यंत्रों की बुकिंग विकासखंड स्तर पर नहीं होगी। जनपद स्तर पर योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध अवशेष लक्ष्यों के अनुसार बुकिंग की जाएगी। किसानों से अपील की गई है कि निर्धारित अवधि में अपनी पसंद के कृषि यंत्र की ऑनलाइन बुकिंग कर योजना का लाभ उठाएं। ऑनलाइन आवेदन के लिए किसान विभागीय पोर्टल www.agriculture.up.gov.in पर जाकर ‘यंत्र बुकिंग प्रारम्भ’ विकल्प पर क्लिक कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए किसान उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार