राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में 27 अगस्त को आयोजित होगा “खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात पीएम के साथ”

 


- 29 अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस से पूर्व देशभर के युवाओं से जुड़ेगा यह विशेष कार्यक्रम

- खेल, फिटनेस और युवा शक्ति के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को नई गति देने का प्रयास

लखनऊ, 24 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम विभाग, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से देशभर में “खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात पीएम के साथ” कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त को किया जाएगा।

यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फिट, अनुशासित एवं खेल भावना से परिपूर्ण भारत के निर्माण के विजन तथा युवाओं की आकांक्षाओं को राष्ट्र के विकास के केंद्र में रखने की भावना के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी मेरा युवा भारत (MY Bharat) उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय ने राजधानी लखनऊ के गोमती नगर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों को दी।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है और देश में खेल, फिटनेस एवं उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश देता है। इस अवसर पर देश के प्रत्येक जनपद में चयनित विभिन्न महाविद्यालयों/शैक्षणिक संस्थानों में उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिससे देश के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के युवा एक साथ इस राष्ट्रीय आयोजन से जुड़ सकेंगे। प्रत्येक आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन केंद्रीय लाइव फीड के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चयनित महाविद्यालयों/शैक्षणिक संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा, MY Bharat स्वयंसेवक, खिलाड़ी एवं अन्य युवा सहभागी होंगे।

मेरा युवा भारत (MY Bharat) उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय ने बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं को खेल एवं फिटनेस की संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ उनके विचारों, सुझावों एवं आकांक्षाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम को प्रभावी रूप से आयोजित किया जाएगा।

स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं के साथ होगा संवाद

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत प्रत्येक आयोजन स्थल पर “खेलो इंडिया संवाद” एवं “युवा संवाद” का स्थानीय चरण आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय स्तर के प्रतिष्ठित खिलाड़ी, युवा आइकन तथा आमंत्रित जनप्रतिनिधि युवाओं के साथ संवाद करेंगे।

स्थानीय खिलाड़ी एवं युवा आइकन के बीच खेल अवसंरचना में पिछले 10 वर्षों में हुए विकास, माननीय प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप खेल क्षेत्र में हुए परिवर्तन तथा आगामी ओलंपिक एवं कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियों जैसे विषयों पर परिचर्चा होगी।

“युवा संवाद” में सुनी जाएंगी युवाओं की आवाज

कार्यक्रम का महत्वपूर्ण भाग “युवा संवाद” होगा, जिसमें युवाओं को अपने विचार, सुझाव, आकांक्षाएं एवं दृष्टिकोण रखने का अवसर मिलेगा। यह केवल प्रश्नोत्तर कार्यक्रम न होकर युवाओं के विचारों को सुनने और उन्हें निर्धारित सुझाव प्रक्रिया के माध्यम से आगे पहुंचाने का मंच होगा।

“खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात पीएम के साथ” के माध्यम से देश के युवाओं को खेल एवं फिटनेस की संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ उनके विचारों और आकांक्षाओं को विकसित भारत@2047 के संकल्प से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल खेलों में भागीदारी के लिए प्रेरित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें अनुशासन, नेतृत्व, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण की व्यापक भावना से जोड़ना भी है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुनीत गोयल, उपनिदेशक MY Bharat लखनऊ तथा प्रशान्त मेरवाडे, युवा अधिकारी MY Bharat-NSS उपस्थित रहें।

युवा संवाद में मुख्य रूप से चार विषयों पर युवाओं के विचार लिए जाएंगे।

नागरिक-सचेत युवा का निर्माण मौलिक कर्तव्य, स्वच्छता, यातायात अनुशासन, सामुदायिक सेवा एवं सामाजिक समरसता।

भविष्य के लिए तैयार युवा एवं कक्षा से आगे के कौशल

डिजिटल दक्षता, संचार कौशल, आलोचनात्मक चिंतन, वित्तीय साक्षरता, उद्यमिता एवं खेल क्षेत्र से जुड़े करियर।

नई पीढ़ी के लिए स्वयंसेवा की नई परिकल्पना

सतत एवं कौशल आधारित स्वयंसेवा, डिजिटल एवं माइक्रो-वॉलंटियरिंग तथा स्वयंसेवकों की पहचान एवं प्रोत्साहन।

MY Bharat को और सशक्त मंच बनाना

ग्रामीण, जनजातीय एवं शिक्षा से बाहर के युवाओं तक पहुंच, क्षेत्रीय भाषाओं में सुविधा, अवसरों की विविधता एवं युवाओं की निरंतर सहभागिता।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा