रक्षाबंधन पर मिलावटखोरों पर कार्रवाई, दो पर एफआईआर, लाखों का मावा नष्ट

 


फिरोजाबाद, 26 अगस्त (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने रक्षाबंधन पर्व पर मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने कुल 9 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, दो स्थानों से करीब एक हजार किलोग्राम मावा मौके पर नष्ट कराया साथ ही दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त चंदन पाण्डेय के अनुसार, रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत खाद्य विभाग की टीम नगला महासुख पहुंची। टीम ने क्षेत्र में अलग-अलग परिसरों पर छापामार कार्यवाही। टीम ने कप्तान सिंह निवासी नगला महासुख, सिरसागंज के परिसर में जांच की. यहां से घी, अपमिश्रक (घोल), खोया, मिश्रित दूध और एसएमपी पाउडर के छह नमूने लिए गए। जांच के दौरान परिसर में करीब 600 किलोग्राम खोया मिला। विभाग के अनुसार, इसकी अनुमानित कीमत 250 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से करीब 1.50 लाख रुपये थी। खाद्य विभाग ने नियमानुसार मौके पर ही पूरे खोये को नष्ट करा दिया। वही, कप्तान सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त के मुताबिक, इसके बाद टीम ने धर्म सिंह निवासी नगला महासुख के परिसर की जांच की। टीम ने यहां से खोया और एसएमपी पाउडर के दो नमूने लिए। परिसर में करीब 400 किलोग्राम खोया पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई। खाद्य विभाग की टीम ने इस खोये को भी नियमानुसार मौके पर नष्ट करा दिया और धर्म सिंह के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई है। टीम ने विक्रम सिंह निवासी नगला महासुख के परिसर की भी जांच कर यहां से खोये का एक नमूना संग्रहित किया है। इस तरह पूरी कार्रवाई में कुल नौ खाद्य नमूने लिए गए है। विभाग के अनुसार, सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. तुलिका शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद वर्मा, संदीप कुमार, मनोज कुमार, यशपाल यादव और अरुण कुमार शामिल रहे. कार्रवाई के दौरान पुलिस बल और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़