खाद्यान्न वितरण में घपला करने पर कोटेदार के खिलाफ राशन चोरी का केस दर्ज
कौशांबी, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद काैशांबी की मंझनपुर तहसील के मवई कोटेदार के खिलाफ सरकारी राशन के गबन का मुक़द्दमा दर्ज हुआ है। जांच में बड़ी मात्रा मे गेहू व चावल की बोरियां गायब मिली। खाद्य निरीक्षक शत्रुघन सिंह ने रविवार काे कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत महेवाघाट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
शिकायत के बाद दुकान और गोदाम का निरीक्षण और जांच के दौरान दुकान बंद मिली, जबकि वितरण चक्र प्रारंभ था। मौके पर गोदाम खुलवाकर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया तो खाद्यान्न उपलब्ध नहीं मिला। स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रजिस्टर मांगने पर कोटेदार ने केवल स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध कराया। बिक्री रजिस्टर नहीं दिया गया। प्रस्तुत स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन करने पर उसमें भी प्रविष्टियां अपूर्ण पाई गईं।
90 क्विंटल गेहूं और 134 क्विंटल चावल मिला गायब
विभागीय ऑनलाइन रिपोर्ट और स्टॉक के मिलान में अक्टूबर माह के खाद्यान्न वितरण में 90.02592 क्विंटल गेहूं और 134.2206 क्विंटल चावल की कालाबाजारी किए जाने का आरोप सामने आया। एफआईआर में इस खाद्यान्न की कुल कीमत 50 हजार रुपये दर्ज की गई है। निरीक्षण के समय दुकान और गोदाम में खाद्यान्न का स्टॉक शून्य पाया गया।
18 कार्डधारकों के दर्ज किए बयान
जांच के दौरान ग्राम पंचायत के कोटेदार से जुड़े 18 कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए। कई कार्डधारकों ने बताया कि उन्हें अक्तूबर और नवंबर का खाद्यान्न नहीं मिला, जबकि कुछ ने पिछले तीन माह से राशन नहीं मिलने की बात कही। कुछ कार्डधारकों ने अंगूठा लगवाने के बावजूद राशन नहीं देने का आरोप लगाया। वहीं कुछ ने खाद्यान्न मिलने से संबंधित अलग-अलग जानकारियां भी दीं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी की अनुमति मिलने के बाद रविवार को कोटेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक समरजीत को सौंपी गई है। पूर्ति निरीक्षक शत्रुघन सिंह ने बताया प्रकरण में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। अब पुलिस जांच में खाद्यान्न की हेराफेरी और वितरण में अनियमितताओं से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार