श्री काशी विश्वनाथ में तापमान 41 डिग्री पहुंचने के बावजूद श्रद्धालुओं की लगी लंबी कतार

 


वाराणसी, 19 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगलवार को अपराह्न एक से दो बजे के बीच 41 डिग्री तापमान होने के बावजूद श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। बाबा विश्वनाथ के शिवलिंग पर जल चढ़ाने और दर्शन पूजन करने के लिए श्रद्धालु चिलचिलाती धूप में भी खड़े रहे।

महाराष्ट्र से आए श्रद्धालुओं के एक दल से जुड़ी महिला विमला ने कहा कि धूप और गर्मी पर्याप्त है लेकिन बाबा विश्वनाथ पर श्रद्धा उससे ज्यादा है। उनका पूरा दल दर्शन करने आया है और कतार में लगकर ही दर्शन करेगा। मंदिर में पहुंचने के बाद उत्साह और भी ज्यादा हो गया है। श्री काशी विश्वनाथ दर्शन के बाद ही वे लोग अन्न ग्रहण करेंगे।

श्रद्धालु निशा ने कहा कि मंदिर के भीतर मार्बल पर पांव जल रहे हैं। सिर पर सीधी धूप पड़ रही है। अब उन्हें बाबा का दर्शन करना है। मंदिर में कुछ स्थान पर बड़े तिरपाल लग जाएंगे तो बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। मंदिर के भीतर दो स्थानों पर जल का प्रबंध किया गया है। जल पीने के बाद ही वे लोग कतारबद्ध हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद