वाराणसी की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस निकालेगी ‘काशी न्याय यात्रा’

 


-सीवर, पेयजल, सड़क और जलभराव की समस्याओं को उठाएगी कांग्रेस, 100 वार्डों तक पहुंचेगी यात्रा

वाराणसी, 11 नवंबर (हि.स.)। काशी की बदहाल बुनियादी सुविधाओं और आम जनता की समस्याओं को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी तीनों विधानसभा क्षेत्रों में ‘काशी न्याय यात्रा’ निकालेगी। इस यात्रा के माध्यम से शहर के सभी 100 वार्डों में पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके समाधान के लिए आवाज बुलंद की जाएगी। बुधवार को उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के खजुरी स्थित कैंप कार्यालय में महानगर कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रस्तावित ‘काशी न्याय यात्रा’ की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में शहर में व्याप्त सीवर समस्या, पेयजल संकट, बदहाल सड़कें, जलभराव सहित अन्य बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जाने की शिकायतों को भी यात्रा के दौरान जनता के बीच उठाने पर सहमति बनी।बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि ‘काशी न्याय यात्रा’ के जरिए शहर के सभी 100 वार्डों में जाकर आम नागरिकों की पीड़ा सुनी जाएगी और उनकी समस्याओं को दर्ज कर संबंधित अधिकारियों तथा शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। इस दौरान राघवेंद्र चौबे, सतनाम सिंह, मयंक चौबे, हसन मेहदी कंब्बन, पीयूष श्रीवास्तव, संतोष चौरसिया और सुफियान सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी